मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित है बहुचर्चित और विवादित बागेश्वर धाम. इस धाम में 18 फरवरी को 125 कन्याओं का विवाह हुआ. पहले विवाह 121 कन्याओं का होना था, जिनकी संख्या अचानक बढ़ गई. इस दौरान कन्याओं यानी नई नवेली दु्ल्हनों का अंदाज देखने लायक था. सभी तरह के श्रंगार से सजी ये कन्याएं अपने परिजनों से साथ मंडप में आईं और विवाह के बाद ससुराल चली गईं. इस शादी की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.
125 कन्याओं के विवाह में साधु-संतों सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए. उनके साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी थे. इस कार्यक्रम को लेकर सीएम शिवराज ने ट्वीट किया- बागेश्वर धाम ज्ञान, भक्ति और कर्म का त्रिवेणी संगम है. बेटियों के विवाह में यहां आकर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूं. बागेश्वर धाम, जिला छतरपुर में श्री हनुमंत कथा एवं 121 कन्या विवाह महोत्सव में सहभागिता की.
कन्याओं के विवाह के बाद रात करीब 1 बजे बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उपहार देने और बारातियों से मिलने पहुंचे. उसके बाद सभी दुल्हने अपने-अपने ससुरालवालों के साथ गाड़ियों में रवाना हो गईं.
बागेश्वर धाम के मुताबिक, यह कार्यक्रम ऐतिहासिक था. इसमें करीब 50 लाख लोग शामिल हुए. इस कार्यक्रम को अप्रत्यक्ष रूप से 2 करोड़ लोगों ने देखा. इस आयोजन के लिए समिति ने लोगों का आभार भी व्यक्त किया है.
विवाह के दौरान बागेश्वर धाम प्रमुख कन्याओं के बीच पहुंचे और उनके विचार पूछे. इस दौरान कई भावुक करने वाले पल भी आए. कई कन्याओं और परिजनों की आंखों में आंसू आ गए.
कार्यक्रम में विवाहिताओं ने कहा कि बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का धन्यवाद दिया. कई कन्याओं ने कहा कि जितना साथ धीरेंद्र ने दिया उतना तो परिवारवालों ने भी नहीं दिया.


Post a Comment