नाबालिग लड़की से जबरन देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 महिलाएं समेत 7 अरेस्ट


आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को गिरफ्तार किया है, जिसने पहले एक नाबालिग लड़की को प्यार के जाल में फंसवाया. फिर लड़की की मजबूरी का फायदा उठाकर उसे जबरन जिस्मफरोशी के काले कारोबार में उतार दिया. नाबालिग लड़की चाइल्डलाइन यूनिट के सदस्यों को सड़क पर घूमती मिली थी. लड़की की आपबीती सुनने के बाद नामजद लोगों के खिलाफ थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में 3 महिलाओं समेत गिरोह में शामिल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस उपायुक्त आगरा शहर ने बताया कि 'जांच में पता चला कि लड़की सबसे पहले एत्मादपुर थाना क्षेत्र के छलेसर में रहने वाले समीर के संपर्क में आई थी. समीर ने लड़की को प्यार के जाल में फंसाया. इसके बाद समीर ने सौदा किया और फिर लड़की को आसमा और फरजाना अपने साथ मीना के पास ले गए. मीना ने नाबालिग लड़की को जबरन देह व्यापार के कारोबार में धकेल दिया. ग्राहकों से रुपये लिए, नाबालिग लड़की से जबरन देह व्यापार करवाया.

उन्होंने आगे बताया, "इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बोदला के रहने वाले योगेश, कमलानगर के रहने वाले संजीव और सादाबाद के रहने वाले मोहम्मद यामीन ने भी नाबालिग लड़की का शोषण किया. जांच में 3 महिलाओं समेत 7 लोग प्रथम दृष्ट्या दोषी मिले हैं, सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है.


Post a Comment

Previous Post Next Post