यूपी के मेरठ में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा है। आरोपी मदद करने के दौरान एटीएम कार्ड बदल लेते थे।
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ की सरधना पुलिस ने लोगों के एटीएम बदल कर उनके खातों को खाली करने वाले गिरोह के दो लोगों को पकड़ा है। इनके पास से 84 एटीएम कार्ड के साथ 35 सौ रुपये भी मिले हैं। पुलिस को पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी भी इनसे मिली है। अब पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
बुजुर्ग, महिला या सीधे साढ़े व्यक्ति होते थे टारगेट पर
पकड़े गए आरोपी आसिफ और वसीम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वो एटीएम के आसपास चक्कर लगाते रहते थे, जो जरा भी किसी को एटीएम से रुपये निकालने में परेशानी देखी तो उसके रुपये निकालने में मदद कर उसका एटीएम बदल लेते थे। इसके बाद में उसका बैंक खाता खाली कर देते थे।
मौज मस्ती, अय्याशी और प्रॉपर्टी में खर्च करते थे नोट
आरोपियों ने बताया कि एटीएम से रुपये निकालने के बाद वो दिल्ली के क्लबों में मौज-मस्ती, गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करना और प्रॉपर्टी में खर्च कर देते थे। आरोपी आसिफ ने गाजियाबाद में एटीएम ठगी से एक मकान भी खरीदा है। अब तक आरोपी लाखों रुपये निकाल चुके हैं।
आरोपी बागपत- गाजियाबाद के रहने वाले हैं
पकड़े गए दोनों आरोपियों में आसिफ गाजियाबाद तो वसीम बागपत का रहने वाला है। अपने जिले के साथ ये आसपास के जिलों में इस तरह की घटनाओं को ज्यादा करते थे और वापस अपने जिले में आ जाते थे। एसपी देहात अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों पर गाजियाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत में एक दर्जन से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं।


Post a Comment