खौफनाक! कानपुर में छेड़छाड़ का विरोध किया तो सिरफिरे ने युवती का गला काट दिनदहाड़े कर दी हत्या


कानपुर में एक युवती की गांव के ही युवक ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। आरोपी युवती से छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर उसने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

कानपुर: यूपी के कानपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह गांव के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। युवती की हत्या के बाद गांव में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि हत्यारोपी बेटी से छेड़छाड़ करता था। जिसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी। वहीं हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

बिधनू थाना क्षेत्र स्थित मझावन के मिर्जापुर अटवा गांव में रहने वाले लड़की के पिता खेती किसानी का काम करते हैं। घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर एक झोपड़ी है, जहां पर मवेशियों को बांधा जाता है।

शख्स की बेटी सीमा (22) मंगलवार को मवेशियों को चारा-लगा रही थी। इसी दौरान गांव के रणधीर अपने दो से तीन साथियों के साथ आया, और धारदार हथियार से लड़की के गले पर कई ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लड़की लहुलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

छोटी बहन ने देखी वारदात

गांव का रणधीर अपने साथियों के साथ सीमा पर जानलेवा हमला कर रहा था। निशा ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। ग्रामीण हंगामा करने लगे, और आरोपी के तरफ भीड़ बढ़ने लगी। इस पर और पुलिस फोर्स को बुलाया गया। पुलिस ने गांव के ही एक घर से अरोपी को अरेस्ट कर लिया।


आरोपी करता था छेड़छाड़

मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि रणधीर ने 2020 में सीमा से छेड़छाड़ की थी। रणधीर हमेशा राह चलते छेड़छाड़ करता था, विरोध करने पर उसने मारपीट भी की थी। इस मामले को लेकर रणधीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद से रणधीर परिवार से खुन्नस मानता था। इसी को लेकर उसने बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी है।


 

Post a Comment

Previous Post Next Post