कानपुर की घटना के बाद वायरल हुआ DM के डांस का वीडियो

 


13 फरवरी को कानपुर देहात महोत्सव का आखिरी दिन था. दिन में एक तरह जहां प्रशासन की कार्रवाई से मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई तो वहीं दूसरी तरफ रात में डीएम साहिबा महोत्सव में जमकर नाच रही थीं.

कानपुर देहात के मड़ौली गांव में अतिक्रमण हटाने के दौरान आग लगने से मां-बेटी की जलकर मौत हो गई. अब इस मामले को लेकर राजनीति शुरू हो हो चुकी है. योगी सरकार पर विपक्ष के लोग हमलावर हैं तो वहीं कानपुर देहात पुलिस-प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. एक तरफ जहां प्रशासन की बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान आग से जलकर मां-बेटी की मौत हो गई तो वहीं इसी बीच सोशल मीडिया पर कानपुर देहात की डीएम नेहा जैन का डांस करने का वीडियो वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले कानपुर देहात महोत्सव का आयोजन किया गया था. 13 फरवरी को महोत्सव का आखिरी दिन था. इस दिन डीएम नेहा जैन भी महोत्सव में शामिल होने पहुंची थीं. डीएम नेहा जैन स्टेज पर डांस भी करती दिखाई दे रही हैं. अभी इसी को लेकर उनकी जमकर किरकिरी हो रही है. लोग डीएम के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि 13 फरवरी को दिनदहाड़े जिले की पुलिस और एसडीएम एक पीड़ित परिवार के घर पर आग लगा देते हैं, जिसमें मां-बेटी की जलकर मौत हो जाती है, उसी दिन रात में डीएम साहिबा महोत्सव में डांस करने पहुंच जाती हैं. डीएम साहिबा को शर्म आनी चाहिए.

बता दें, डीएम नेहा जैन के डांस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो को देखने के बाद लोग उनकी खूब आलोचना कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “ये प्रतिभावान कलेक्टर कानपुर देहात की डीएम नेहा जैन हैं, जितनी लचक इस वीडियो में दिख रही है काश उतनी लचक मां-बेटी से मिलने के दौरान दिखाई होती तो दोनों जिंदा होतीं. प्रमिला ने मरने से पहले बोला है कि डीएम मैडम ने डांटकर भगा दिया था और कप्तान ने भी. नाचिए लोकतंत्र है.

अतिक्रमण हटाने के दौरान लगी थी आग
बता दें, कानपुर देहात जिले के रूरा थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव निवासी कृष्ण गोपाल दीक्षित के यहां तहसील प्रशासन की टीम बीते सोमवार को अतिक्रमण हटाने गई थी. इसी दौरान परिजनों से नोकझोंक हो गई. आरोप है कि झोपड़ी में कृष्ण गोपाल की पत्नी और बेटी थीं. इसी दौरान उस झोपड़ी पर तहसील प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलवा दिया गया. जैसे ही बुलडोजर झोपड़ी पर चला, उसमें आग लग गई. इससे कृष्ण गोपाल की पत्नी प्रमिला दीक्षित और उनकी 23 साल की बेटी जिंदा जल गई.

बता दें कि डीएम नेहा जैन के वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया पर लोग जमकर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं कि जब एक परिवार मदद मांगने गया तो उसको डांट कर भगा दिया। इसके बाद जब इस तरह की घतनाएं हो रही थीं तो डीएम डांस करने में व्यस्त थीं।


Post a Comment

Previous Post Next Post