बिजुआ खीरी- उंचो राख निशान श्याम को, लांबी डोरी खीच, भजन सुनाता चाला रिंगस खाटू नगर के” गीत गाते झूमते-नाचते लाल व केसरिया निशान लिए भक्तों का रेला जिधर से गुजरता, राहगीरों की भीड़ ठहर सी जा रही थी। ऐसा लग रहा था मानो भीरा की इस धरती पर खाटू धाम उतर आया हो और सभी भक्त बाबा श्याम के रंग में रंगकर गोपियों की तरह नाच रहे हों। भीरा में भव्य श्याम निशान शोभा यात्रा निकली।
शोभा यात्रा भीरा शिवमंदिर से कस्बे के प्रमुख चौराहों से गुजरते हुये बैंक रोड होते हुए कल्याणी देवी मंदिर पहुंची। इस दौरान भक्तों की उमंग व मस्ती देखते बन रही थी।
शोभा यात्रा में आगे सैकड़ो भक्त राह में गंगाजल व इत्र छिड़कते हुए चल रहे थे। उसके पीछे कई मनोहारी झांकियां व बैंड-बाजे के साथ भक्तों का कारवां चल रहा था। सबसे आगे रथ पर बाबा का चलंत शीश विराजमान रहा। मार्ग में जगह-जगह श्याम भक्तों का स्वागत किया गया। लोग फूलों की बारिश कर रहे थे। गुलाब जल व इत्र की फुहारें भी छोड़ी जा रही थीं।
रिपोर्ट - नागेंद्र प्रताप शुक्ल




Post a Comment