उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के नोएडा (Noida) में रविवार की सुबह दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई. गोली की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. वहीं, अब यह मामला पुलिस में पहुंच चुका है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. घटना नोएडा के गढ़ी शाहदरा गांव की है.
बताया जा रहा है कि नोएडा के सेक्टर-142 थाना क्षेत्र के गढ़ी शाहदरा गांव में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. जानकारी के मुताबिक, गांव में भाजपा नेता नवीन भाटी के घर पर कई राउंड गोली चली है. इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी डंडे से भी हमला किया है. वहीं, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
फायरिंग की घटना का वीडियो हुआ वायरल
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें लोगों का शोर-सुनाई दे रहा है. लोग वीडियो में इधर से उधर भागते नजर आ रहे हैं. वहीं, वीडियो में एक शख्स गाली देते हुए भी सुनाई दे रहा है. तभी वीडियो में गोली की आवाज सुनाई देने लगती है. वीडियो में एक शख्स कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि फायरिंग हो रही है.
#Noida Sector 142 :
— Tricity Today (@tricitytoday) February 26, 2023
जमीनी विवाद में भाजपा नेता और चाचा के बीच अंधाधुंध फायरिंग, गांव में तनाव @noidapolice pic.twitter.com/fkW0DbRNK2
गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त
वहीं, गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है. अभी इस घटना को लेकर कोई भी पक्ष खुलकर नहीं बोल रहा है. सूचना पर सुबह ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस अधिकारियों के गांव आने से दोनों पक्ष शांत हुए. वहीं, फायरिंग भी रूक गई. पुलिस की एक टीम अब भी गांव में मौजूद है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जमीन विवाद से जुड़ा मामला है. गांव में पुलिस गश्त कर रही है. कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. गांव में कितनी राउंड फायरिंग की गई है, इस बात का पता लगाया जा रहा है.


إرسال تعليق