बिजुआ खीरी- विकास खण्ड बिजुआ की ग्राम पंचायत पडरिया तुला में पडरिया तुला चौराहा से गोंधिया जाने वाले रोड तक आरसीसी सड़क निर्माण शुरू हो गया है। निर्माण शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि करीब 105 मीटर सड़क पर गड्ढों व जलभराव के कारण लोगों का आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
बरसात में सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो जाती थी। गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलना मुश्किल होता था। हालांकि यह रोड पहले ही पास हो गयी थी मगर विधानसभा चुनाव के कारण निर्माण शुरू नहीं हो सका था। सड़क के साथ नाली के लिए भी बजट आवंटित किया गया है। पूरे कार्य पर आठ लाख रुपये खर्च किया जाएगा। सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर है। सड़क निर्माण के बाद नाली का निर्माण किया जाएगा।
अवर अभियंता पवन मिश्रा ने बताया कि पडरिया तुला चौराहे से गोंधिया जाने वाली रास्ते तक करीब 105 मीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए बजट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व में ही आवंटित कर दिया था। विधानसभा चुनाव की अधिसूचना लग जाने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका था। अब यह निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण के दौरान कुछ दिनों तक लोगों को आने जाने में दिक्कत होगी। निर्माण में सभी लोग सहयोग करें जिससे गुणवत्ता पूर्ण सड़क बन सके।
रिपोर्ट - नागेंद्र प्रताप शुक्ल



إرسال تعليق