दूल्हे ने बारात लाने से इनकार किया तो पिता की आंख में आंसू देख दुल्हन थाने पहुंची. थानेदार ने दुल्हन की शिकायत पर दूल्हे राजा को थाने बुलाया और समझाया. कानूनी कार्रवाई का भय दिखाते हुए दूल्हे को शादी के लिए तैयार किया गया.
ग्रेटर नोएडा के दूल्हे की अलीगढ़ की दुल्हन से शादी का किस्सा थाने तक जा पहुंचा. जब दूल्हे ने दहेज में कार और बुलेट बाइक न मिलने पर बारात लाने से इनकार कर दिया. पिता की आंखों में आंसू देखकर दुल्हन थाने पहुंची और मदद की गुहार लगाई. जिसके बाद थानेदार ने दूल्हे राजा को थाने बुलाया और घंटों समझाया. घंटो चली मान-मनौव्वल के बाद पुलिस फोर्स की मौजूदगी में थाने के सामने दुल्हन ने दूल्हे संग 7 फेरे लिए. रीति-रिवाज के बाद दुल्हन की विदाई हुई.
मामला थाना क्वार्सी इलाके के किशनपुर का है. यहां की रहने वाली चंचल की शादी ग्रेटर नोएडा जेवर निवासी मुकेश के साथ तय हुई. चंचल के पिता शादी की तैयारियों में जुट गए. चंचल हाथों में मुकेश के नाम की मेहंदी लगाए अपने दूल्हे का पंडाल इंतजार करती रही, लेकिन बारात पहुंची ही नहीं. वहीं, एक फोन आया कि बारात तभी आएगी, जब दहेज में कार और एक बुलेट बाइक की डिमांड पूरी होगी. इसके बाद दुल्हन के पिता के आंख आंसुओं से भर आई.
पिता के आंसू देख दुल्हन पहुंची थाने
वहीं, पिता की आंख में आंसू दुल्हन बर्दाश्त नहीं कर सकी और फौरन पंडाल से क्वार्सी थाने पहुंची. दुल्हन ने थाने में थानेदार को पूरा घटनाक्रम बताया. जिसके बाद दूल्हे राजा को थाने बुलाया गया. घंटों पुलिस ने दूल्हे राजा को समझाया और शादी के लिए मनाया. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई का भय दिखाते हुए दूल्हे को शादी के लिए तैयार किया.
थाने के सामने सजा मंडप, दुल्हन ने लिए 7 फेरे
दूल्हे राजा की रजामंदी मिलते ही पुलिस ने थाने के सामने बने मंदिर में शादी की तैयारियां कराई. पुलिस फोर्स की मौजूदगी में दुल्हन ने अपने दूल्हे संग 7 फेरे लिए. आखिरकार चंचल अपने मुकेश की हो गई. पूरे रीति-रिवाज दुल्हन को विदा कराया गया.थानेदार और अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दुल्हन चंचल और उसके परिवार में खुशियां पुलिस की दखलंदाजी के बाद वापस लौट सकी.

إرسال تعليق